वरिष्ठ गन्ना अधिकारी को गन्ना माफियाओं ने पीटा, पीड़ित अधिकारी ने दी नामजद तहरीर…

अम्बेडकरनगर । जनपद में गन्ने की खरीद शुरू होने के साथ ही गन्ना माफियाओ की दबंगई भी देखने को मिलने लगी है। जैतपुर थाना क्षेत्र के बंदीपुर गन्ना तौल केंद्र पर गन्ना माफियाओ ने मिल के वरिष्ठ गन्ना अधिकारी राजेश कुमार सिंह की बुरी तरह पिटायी कर दी। गम्भीर हालत में राजेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने चार दबंगो के विरुद्ध नामजद तहरीर जैतपुर थानाध्यक्ष को दी है।

गैरतलब है कि गन्ना क्रय केंद्र पर तौल लिपिक अरविन्द सिंह से जबरन तौल कराये जाने व फर्जी तरीके से चेक बनवाने की शिकायत गन्ना मिल प्रशासन से की गयी थी जिसके बाद वरिष्ठ गन्ना अधिकारी राजेश कुमार सिंह को बंदीपुर गन्ना क्रय केंद्र पर भेजा गया था। दोपहर लगभग 11 बजे पहुंचे राजेश सिंह जब वहाँ किसानों को समझाने का प्रयास कर रहे थे, उसी समय वहाँ मौजूद गन्ना माफियाओ ने वरिष्ठ गन्ना अधिकारी राजेश कुमार सिंह को पीटना शुरू कर दिया।
इन दबंगों के हमले में राजेश बुरी तरह घायल हो गए। किसानों के प्रयास से उन्हें किसी तरह बचाया जा सका। वरिष्ठ गन्ना अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने संजय सिंह, छोटे सिंह, पंकज यादव, अमित सिंह व अन्य के विरुद्ध तहरीर दी है।
